Uttar Pradesh : चलती कार की सनरूफ से युवक का खतरनाक स्टंट, वीडियो वायरल होने पर 21,500 का चालान

Hapur News : हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे-09 पर एक युवक द्वारा चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की है।

वायरल वीडियो में युवक अर्द्धनग्न अवस्था में तेज रफ्तार से दौड़ रही कार की सनरूफ से बाहर निकला हुआ दिखाई दे रहा है। कार में तेज आवाज में गाने बज रहे हैं और युवक हंगामा करते नजर आ रहे हैं, जिससे सड़क पर अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती दिखी।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद संबंधित वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 21,500 रुपये का चालान किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। सीओ ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार के खतरनाक स्टंट से बचें। पुलिस ने साफ किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





