Noida International Airport Bus Service: परी चौक से हर 30 मिनट में बस, NCR के कई शहरों से सीधी कनेक्टिविटी

Noida International Airport Bus Service: परी चौक से हर 30 मिनट में बस, NCR के कई शहरों से सीधी कनेक्टिविटी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होते ही यात्रियों को बेहतर और आसान परिवहन सुविधा देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। एयरपोर्ट तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए परी चौक से हर 30 मिनट में बस सेवा शुरू की जाएगी। यह सेवा उड़ान संचालन के पहले ही दिन से लागू होने का दावा किया गया है, जिससे यात्रियों को समयबद्ध और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
यात्रियों को सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक नियमित बस सेवा उपलब्ध होगी। इस सेवा के जरिए नोएडा सिटी सेंटर और ग्रेटर नोएडा के परी चौक से एयरपोर्ट तक का सफर करीब 60 से 90 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इससे खासतौर पर दैनिक यात्रियों और एयर ट्रैवल करने वालों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट से बस सेवा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (YIAPL) ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड के परिवहन निगमों के साथ समझौता किया है। उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट के लिए 14 प्रमुख बस रूट निर्धारित किए गए हैं, जिनमें नोएडा सेक्टर-37, परी चौक, बॉटनिकल गार्डन, कौशांबी, कासना, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, आगरा, हाथरस, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, अलीगढ़ और बुलंदशहर जैसे शहर शामिल हैं।
इसके अलावा उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी से भी बस सेवाएं उपलब्ध होंगी। हरियाणा रोडवेज की बसें चंडीगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल को एयरपोर्ट से जोड़ेंगी, जबकि दिल्ली परिवहन निगम (DTC) कश्मीरी गेट ISBT, सराय काले खां, आनंद विहार और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक अपनी सेवाएं देगा। सभी राज्यों के परिवहन निगम इस समय रूट चार्ट को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
एनसीआर क्षेत्र में एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए शटल सेवाएं भी चलाई जाएंगी। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन, गाजियाबाद और अक्षरधाम मंदिर जैसे प्रमुख स्थानों से नियमित शटल बसें संचालित होंगी। इसके साथ ही redBus जैसे प्लेटफॉर्म के साथ साझेदारी की गई है, जो मथुरा, आगरा, लखनऊ, देहरादून, चंडीगढ़ और जयपुर जैसे शहरों के लिए लग्जरी बस सेवाएं प्रदान करेंगे। ये सेवाएं व्यक्तिगत यात्रियों, समूह यात्रा और पर्यटन पैकेज के लिए भी उपलब्ध होंगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के टर्मिनल के बाहर ही टैक्सी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। इसके लिए Mahindra Logistics के साथ इलेक्ट्रिक कैब सेवा की साझेदारी की गई है, जो सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा Uber, Ola, Rapido और MakeMyTrip जैसी ऐप-आधारित सेवाएं भी यात्रियों को उपलब्ध होंगी। एयरपोर्ट पर एक समय में 100 से अधिक वाहनों की चार्जिंग की सुविधा भी विकसित की गई है।
यमुना प्राधिकरण के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया के अनुसार, एयरपोर्ट से बस सेवाओं के संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और उड़ान शुरू होते ही ये सेवाएं भी शुरू कर दी जाएंगी। परी चौक से हर 30 मिनट में बस सेवा इस कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाएगी।





