दिल्ली

Seemapuri Murder: नाबालिग पर चाकू से हमला, आरोपी आग में झुलसा, दोनों की मौत से दहली दिल्ली

Seemapuri Murder: नाबालिग पर चाकू से हमला, आरोपी आग में झुलसा, दोनों की मौत से दहली दिल्ली

रिपोर्ट: रवि डालमिया

राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 24 वर्षीय युवक जतिन ने 15 साल की नाबालिग लड़की पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और बाद में खुद को आग के हवाले कर लिया। इलाज के दौरान नाबालिग की भी मौत हो गई, जिससे दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना थाना सीमापुरी क्षेत्र की है, जहां शाम करीब 5:15 बजे यह वारदात घर से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के दौरान मौके पर कुछ और युवक भी मौजूद थे, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

हमले के बाद गंभीर रूप से घायल नाबालिग ने खुद अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते आज सुबह करीब 5 बजे उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि नाबालिग ने हाल ही में 28 मार्च को अपना 15वां जन्मदिन मनाया था और 10वीं की परीक्षाएं दी थीं।

वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जतिन अपने घर, नई सीमापुरी के सी-ब्लॉक में पहुंचा और खुद को आग लगा ली। जब उसका भाई आकाश मौके पर पहुंचा, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसे भी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, जतिन एक ऑनलाइन डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। करीब एक साल पहले उसके पिता का निधन हो चुका था और घर में उसकी मां ही रहती थी। इस घटना ने दोनों परिवारों को पूरी तरह तोड़ दिया है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे।

यह घटना एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Related Articles

Back to top button