Noida Anti-Encroachment Drive: नोएडा में अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई सेक्टरों में सड़कों से अवैध कब्जे हटाए गए

Noida Anti-Encroachment Drive: नोएडा में अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई सेक्टरों में सड़कों से अवैध कब्जे हटाए गए
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने शहर को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस अभियान के तहत वर्क सर्किल-1 से 10 की टीमों ने विभिन्न सेक्टरों और मुख्य मार्गों में सड़क किनारे तथा सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया।
प्राधिकरण की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस अभियान के तहत सेक्टर-6, डीएससी रोड, अट्टा मार्केट, एक्सप्रेस-वे के समानांतर 45 मीटर रोड, सेक्टर-63, सेक्टर-70, सेक्टर-120, नया गांव मंडी, सेक्टर-87, सेक्टर-85, सेक्टर-133 व 134 के मध्य मार्ग, नंगला-नंगली, सेक्टर-129 व 132 के मध्य मार्ग और ग्राम कौंडली में कार्रवाई की गई। इस दौरान अनधिकृत वेंडर्स, ठेली-पटरी और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य न केवल सड़कों को मुक्त करना है, बल्कि आम जनता के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करना भी है। विभिन्न स्रोतों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया था।
नोएडा प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को जाममुक्त सड़कें उपलब्ध कराने के लिए अतिक्रमण उन्मूलन की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी। इस पहल से नोएडा में ट्रैफिक नियंत्रण और सार्वजनिक जगहों की साफ-सफाई में सुधार की उम्मीद है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क किनारे या सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जे न करें और अभियान में सहयोग करें, ताकि शहर की यातायात और सुरक्षा में सुधार हो सके।





