Mathura : मथुरा में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। चंद्रशेखर आजाद द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिजनौर से चुनाव लड़ने के बयान पर विश्व हिंदू परिषद ने कड़ा जवाब दिया है। वीएचपी के ब्रज प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि दम है तो मथुरा से चुनाव लड़कर दिखाएं।
कन्हैया लाल अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे मथुरा में विरोधियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर दोनों को मथुरा आकर चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमानी चाहिए।
वीएचपी नेता ने यह भी कहा कि अगली बड़ी राजनीतिक लड़ाई मथुरा के नाम पर ही लड़ी जानी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी मथुरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहिए, तभी इस लड़ाई का असली आनंद आएगा। दोनों पक्ष मथुरा की धरती पर आमने सामने आएं।
विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सपने देखने का अधिकार सबको है, चाहे कोई कुछ भी कहे लेकिन अंत में जिसका जो काम है उसे वही करना पड़ेगा और भविष्य में क्या होगा यह समय तय करेगा।


