Noida Power Protest: बिजली की मांग को लेकर किसानों का पैदल मार्च, सेक्टर-16 बिजली घर पर धरना जारी

Noida Power Protest: बिजली की मांग को लेकर किसानों का पैदल मार्च, सेक्टर-16 बिजली घर पर धरना जारी
नोएडा के डूब क्षेत्र की करीब 40 कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर सोमवार को किसानों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग पैदल मार्च निकालते हुए सेक्टर-16 स्थित बिजली घर की ओर बढ़े, जहां धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनकारी ट्रैक्टरों पर सवार होकर और हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर अपनी मांगों को लेकर पहुंचे। बीते दो घंटे से अधिक समय से धरना जारी है, जिससे इलाके में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हरौला बारात घर से लेकर सेक्टर-16 बिजली घर तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील कर रहे हैं।
भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खिलाफ ने कहा कि जिले में रहने वाले हर नागरिक को बिजली उपलब्ध कराना विद्युत निगम की जिम्मेदारी है, लेकिन डूब क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोग आज भी बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने जरूर पहुंचते हैं, लेकिन बाद में समस्याओं का समाधान करने से पीछे हट जाते हैं। इसी वजह से वर्षों बाद भी इन कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।
प्रदर्शन में शामिल स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली न होने के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और छोटे व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। गर्मी के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। लोगों ने बताया कि वे अब तक 10 से 12 बार प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। मजबूरी में एक बार फिर सड़कों पर उतरना पड़ा है, क्योंकि उनकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल सभी की नजरें प्रशासन और बिजली विभाग के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





