Noida: नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी महेंद्र प्रसाद को शासन ने हटाया, प्रतीक्षा सूची में डाला गया

Noida: नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी महेंद्र प्रसाद को शासन ने हटाया, प्रतीक्षा सूची में डाला गया
नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) के कार्यकारी निदेशक और नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी महेंद्र प्रसाद को शासन ने उनके पद से हटाकर प्रतीक्षा सूची में डाल दिया है। यह कार्रवाई 2026 के NMRC कैलेंडर में उनकी तस्वीर छपने और वायरल होने के विवाद के बाद की गई है।
एनएमआरसी के एमडी और नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने महेंद्र प्रसाद को कार्यकारी निदेशक के पद से तुरंत हटा दिया था। इस मामले की जिम्मेदारी प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश को सौंपी गई थी। मंगलवार को शासन ने अपने स्तर पर महेंद्र प्रसाद को ओएसडी पद से हटाकर प्रतीक्षा सूची में डालने का आदेश जारी किया।
कैलेंडर में अप्रैल महीने के पेज पर NMRC के एमडी और प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम की दो तस्वीरें हैं, जिनमें एक में वह सितार बजाते हुए और दूसरी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं। लोकेश एम 2005 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उनका जन्मदिन 3 अप्रैल को पड़ता है। जुलाई महीने के पन्नों पर महेंद्र प्रसाद की दो तस्वीरें छपी हैं, जिनमें वह कार्यक्रम में बोलते और किसी जगह चलते हुए नजर आ रहे हैं। महेंद्र प्रसाद 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उनका जन्मदिन 5 जुलाई को है।




