Hapur News : हापुड़ के हाफिजपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए फर्जी फर्म के जरिए गेमिंग एप और शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरीश, जुनैद और विशाल के रूप में हुई है, जो क्रमशः ब्रजनाथपुर, हापुड़ और गाजियाबाद के निवासी हैं।
आरोपियों का तरीका
आरोपियों ने लोगों को अच्छे मुनाफे का लालच देकर उनके चालू खाते खुलवाए और फिर अपनी फर्जी फर्मों में पैसे लगवा लिए। इस तरह उन्होंने महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु और उत्तराखंड समेत कई राज्यों के लोगों से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी की। यह रकम 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए जमा की गई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उनके कब्जे से तीन मोबाइल, तीन पासबुक, दो चेक बुक और अवैध हथियार बरामद किए हैं। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि आरोपियों ने अभी 39 और लोगों को अपना शिकार बनाया है, जिनसे की गई ठगी का आकलन किया जा रहा है। ये तीनों शातिर साइबर अपराधी हैं और इनके खिलाफ कर्नाटक के मंगलूरु के साइबर क्राइम थाने में पहले से एक मुकदमा दर्ज है।





