International Yoga Day: योग और फिटनेस से साकार होगा विकसित भारत: डॉ. मांडविया, अक्षय कुमार के साथ किया योगाभ्यास

International Yoga Day: योग और फिटनेस से साकार होगा विकसित भारत: डॉ. मांडविया, अक्षय कुमार के साथ किया योगाभ्यास
नई दिल्ली, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अभिनेता अक्षय कुमार के साथ जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
डॉ. मांडविया ने कहा कि अगर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो योग और फिटनेस को हर व्यक्ति की दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत और विकसित भारत की नींव तैयार कर सकते हैं।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में करीब 3,000 लोगों ने फिट इंडिया मूवमेंट के तहत सामूहिक योग सत्र में भाग लिया। इस दौरान लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर योग के महत्व को समझा।
केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच के लिए भी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से फिटनेस को अपनी जीवनशैली में शामिल करने की अपील की।

देशभर में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों, खेलो इंडिया संस्थानों और अन्य खेल परिसरों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने मुंबई स्थित साई केंद्र में खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और स्थानीय लोगों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग खिलाड़ियों के शारीरिक और मानसिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वहीं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच स्थित सीएम उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ, सशक्त और संतुलित भारत की आधारशिला है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां योग और आयुर्वेद के समन्वय के माध्यम से स्वस्थ जीवन, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यापीठ की निदेशक डॉ. वंदना सिरोही, सीआरएवी गुरु वैद्य ताराचंद शर्मा और वैद्य नामधर शर्मा सहित कई विशेषज्ञ मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने कहा कि योग और आयुर्वेद के माध्यम से लोग बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित जीवन प्राप्त कर सकते हैं।





