Viksit Bharat Rozgar Yojana: नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 91 नए कर्मचारियों से मिलेंगे प्रधानमंत्री मोदी, विज्ञान भवन में होगा विशेष कार्यक्रम

Viksit Bharat Rozgar Yojana: नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 91 नए कर्मचारियों से मिलेंगे प्रधानमंत्री मोदी, विज्ञान भवन में होगा विशेष कार्यक्रम
नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कंपनियों में पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों के लिए 19 जून का दिन बेहद खास होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में ऐसे कर्मचारियों से मुलाकात करेंगे, जिन्हें हाल के महीनों में पहली बार रोजगार मिला है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत आयोजित किया जा रहा है और इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना तथा औपचारिक रोजगार व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अधिकारियों के अनुसार नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बीते वर्ष अगस्त से अब तक लगभग 1.90 लाख लोगों को पहली बार विभिन्न कंपनियों में रोजगार मिला है। इन्हीं में से चयनित कर्मचारियों को प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर दिया जा रहा है। इस संबंध में मंगलवार को सेक्टर-24 स्थित ईपीएफओ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नोएडा के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम सुयश पांडे और ग्रेटर नोएडा के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम वैभव सिंह ने बताया कि विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में नोएडा और ग्रेटर नोएडा से कुल 91 कर्मचारी भाग लेंगे। इनमें नोएडा क्षेत्र से 50 कर्मचारी और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से 41 कर्मचारी शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
अधिकारियों के अनुसार नोएडा से 12 कंपनियों के प्रतिनिधि और 50 कर्मचारी विज्ञान भवन पहुंचेंगे। वहीं, कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सेक्टर-62 स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (एनआईओएस) परिसर में किया जाएगा। इस लाइव टेलिकास्ट कार्यक्रम में करीब 250 कर्मचारी और 51 कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यहां मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा उपस्थित रहेंगे।
दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से 41 कर्मचारी और 11 कंपनियों के प्रतिनिधि विज्ञान भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। यहां लगभग 350 कर्मचारी और 70 कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह शामिल होंगे, जबकि विधायक धीरेंद्र सिंह और विधायक तेजपाल नागर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
ईपीएफओ अधिकारियों का कहना है कि यह कार्यक्रम उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगा, जिन्होंने हाल ही में अपने करियर की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री द्वारा सीधे संवाद और संबोधन से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा रोजगार सृजन की दिशा में सरकार की पहल को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम का लाइव टेलिकास्ट दोनों स्थानों पर शाम 5:24 बजे शुरू होगा और शाम 6:03 बजे तक चलेगा। इस दौरान कर्मचारी प्रधानमंत्री के संबोधन को सुन सकेंगे और रोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
गौरतलब है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा देश के प्रमुख औद्योगिक और आईटी हब के रूप में तेजी से उभर रहे हैं। यहां बड़ी संख्या में नई कंपनियों के आने और निवेश बढ़ने से रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों के लिए प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर उनके करियर का एक यादगार और प्रेरणादायक अनुभव साबित हो सकता है।





