Noida city bus service: K10 जून तक नोएडा पहुंचेंगी 35 नई सिटी बसें, 15 जून से शुरू होगा संचालन, बनेंगे 45 चार्जिंग स्टेशन
Noida city bus service: K10 जून तक नोएडा पहुंचेंगी 35 नई सिटी बसें, 15 जून से शुरू होगा संचालन, बनेंगे 45 चार्जिंग स्टेशन
नोएडा। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद नोएडा में आधुनिक सिटी बस सेवा शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। योजना के तहत 10 जून तक 35 नई इलेक्ट्रिक सिटी बसें सेक्टर-90 स्थित बस डिपो पहुंच जाएंगी। इन बसों के संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार 15 जून तक बसों का संचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सेक्टर-90 बस डिपो में फिलहाल अस्थायी रूप से पांच चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, जिनका कार्य अगले दो दिनों में पूरा होने की संभावना है। वहीं स्थायी व्यवस्था के तहत यहां 35 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें 15 चार्जिंग स्टेशन आम नागरिकों के लिए भी उपलब्ध होंगे। प्रत्येक चार्जिंग स्टेशन पर एक समय में दो बसों या वाहनों को चार्ज किया जा सकेगा।
नई बसों के लिए जगह बनाने हेतु डिपो में खड़ी पुरानी सिटी बसों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। क्रेन की सहायता से पुरानी बसों को हटाकर नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए पार्किंग और चार्जिंग की व्यवस्था तैयार की जा रही है।
शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न क्लस्टरों में 45 अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे। इनका निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर होगा। इस व्यवस्था में निजी कंपनियां चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेंगी और उनका संचालन भी स्वयं करेंगी, जिससे प्राधिकरण पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।
नोएडा में पहले से मौजूद 10 डबल डेकर बसें नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा तक संचालित की जाएंगी। इसके अलावा 12 मीटर लंबाई वाली 35 नई बसें 10 जून तक डिपो पहुंच जाएंगी और विभिन्न रूटों पर चलाई जाएंगी। इसके बाद 35 और बसें नोएडा लाई जाएंगी।
परियोजना के तहत कुल 100 सिटी बसों का संचालन प्रस्तावित है। प्रारंभ में यह योजना केवल नोएडा के लिए बनाई गई थी, लेकिन अब इसका विस्तार कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत 50 बसें नोएडा, 25 बसें ग्रेटर नोएडा और 25 बसें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित होंगी। तीनों प्राधिकरण वायबिलिटी गैप फंड (वीजीएफ) को 50:25:25 के अनुपात में साझा करेंगे। बस संचालन के लिए सेक्टर-90 डिपो और बॉटेनिकल गार्डन क्षेत्र में आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों का अनुमान है कि इस परियोजना से प्रतिदिन करीब दो लाख यात्रियों को लाभ मिलेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए बसें लगभग हर 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। कुल 100 बसों के बेड़े में 5 बसें रिजर्व रखी जाएंगी। इनमें 10 डबल डेकर बसें भी शामिल होंगी, जो बॉटेनिकल गार्डन से परी चौक तक संचालित की जाएंगी। पहले चरण में 12 मीटर लंबाई वाली लगभग 100 बसों को सड़कों पर उतारा जाएगा, जिनका संचालन उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा किया जाएगा।

