Noida fire: नोएडा के रेस्टोरेंट में रेफ्रिजरेटर का कंप्रेशर फटने से लगी भीषण आग, 18 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

Noida fire: नोएडा के रेस्टोरेंट में रेफ्रिजरेटर का कंप्रेशर फटने से लगी भीषण आग, 18 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

नोएडा। सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के सेक्टर-52 स्थित शताब्दी विहार के पास एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक रेस्टोरेंट में रखे रेफ्रिजरेटर का कंप्रेशर फटने से भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैल गई और पूरे परिसर में धुआं भर गया। कॉम्प्लेक्स के ऊपरी हिस्से में संचालित पीजी में रहने वाले करीब डेढ़ दर्जन लोग अंदर फंस गए, जिन्हें दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।

 

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि शताब्दी विहार के निकट स्थित शर्मा कॉम्प्लेक्स में एक रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेस्टोरेंट में रखा रेफ्रिजरेटर का कंप्रेशर अचानक फट गया, जिससे आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर में धुआं फैल गया।

 

कॉम्प्लेक्स के निचले हिस्से में रेस्टोरेंट और दुकानों के साथ ऊपरी मंजिलों पर पीजी संचालित था। आग और धुएं के कारण वहां रह रहे कई लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए अंदर फंसे लगभग 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों को लगाया गया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पीजी में मौजूद लोगों ने बताया कि धुएं के कारण उनका दम घुटने लगा था और कुछ लोगों को काफी देर तक सांस लेने में परेशानी हुई। एक युवती ने बताया कि धुएं और आग की स्थिति को देखकर उसे लगा कि शायद यह उसकी जिंदगी का आखिरी दिन हो सकता है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि अब यह जांच की जा रही है कि कॉम्प्लेक्स के पास वैध फायर एनओसी थी या नहीं और परिसर में अग्निशमन सुरक्षा उपकरण पर्याप्त संख्या में लगाए गए थे या नहीं। जांच में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img