Noida: महिला से मारपीट और अभद्रता का आरोप, चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Noida: महिला से मारपीट और अभद्रता का आरोप, चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
नोएडा। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित सांई डिफेंस रेजिडेंसी कॉलोनी में एक महिला के साथ कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी अनुराधा अपने परिवार के साथ रहती हैं और सांई डिफेंस रेजिडेंसी कॉलोनी में कार्य करती हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि 10 मई को वह कॉलोनी में अपनी साइट के पास मौजूद थीं। इसी दौरान अतुल नागर, अक्षय नागर और उनके साथ दो अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे और कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज करने लगे।
महिला का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने से मना किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि जब वह घटना का वीडियो बनाने लगीं तो आरोपियों ने मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार एक आरोपी ने उनके चेहरे पर घूंसा मार दिया, जिससे उनके होंठ पर गंभीर चोट आई और दांत में भी नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस को सूचना दिए जाने की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और महिला से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
बादलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर अतुल नागर, अक्षय नागर तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

