राज्यउत्तर प्रदेश

Bulandshahr Chairman Controversy: बुलंदशहर चेयरमैन के बयान पर बढ़ा विवाद, नोएडा में एफआईआर दर्ज कराने की उठी मांग

Bulandshahr Chairman Controversy: बुलंदशहर चेयरमैन के बयान पर बढ़ा विवाद, नोएडा में एफआईआर दर्ज कराने की उठी मांग

बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित के एक विवादित बयान को लेकर राजनीतिक और कानूनी विवाद गहरा गया है। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सांसद सयानी घोष के खिलाफ दिए गए बयान के बाद समाजवादी अधिवक्ता सभा ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।

बताया जा रहा है कि एक सार्वजनिक सभा के दौरान डॉ. प्रदीप दीक्षित ने कथित तौर पर सयानी घोष का गला काटने वाले को एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। इस बयान के सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और इसे लेकर विरोध शुरू हो गया। समाजवादी अधिवक्ता सभा ने इस बयान को कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा बताते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव श्याम सिंह भाटी ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर कोतवाली में एक प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा पुलिस कमिश्नर को भी शिकायत भेजी गई है, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

श्याम सिंह भाटी एडवोकेट ने कहा कि इस तरह का बयान देश की कानून व्यवस्था, शांति व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान जानबूझकर लोगों को भड़काने और अराजकता का माहौल पैदा करने के उद्देश्य से दिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति के खिलाफ एक करोड़ रुपये देने जैसी घोषणा गंभीर मामला है और इससे यह संदेह पैदा होता है कि इतनी बड़ी धनराशि कहां से आई। इस मामले में आर्थिक पहलुओं की भी उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की गई है।

इस दौरान सत्येंद्र खारी, अबरार, फिरोज खान और नितिन कपासिया समेत कई अधिवक्ता और सभा के सदस्य मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button