Noida Jail: शाक-भाजी और पुष्प प्रदर्शनी में जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर अव्वल, आठ पुरस्कार किए अपने नाम
नोएडा। जनभवन लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय शाक-भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। कारागार परिसर की 21.50 एकड़ कृषि भूमि में आधुनिक तरीकों से की जा रही शाक-भाजी, मशरूम और पुष्प खेती के लिए जिला कारागार को कुल आठ पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि ने न केवल गौतमबुद्ध नगर बल्कि पूरे प्रदेश में कारागार प्रशासन की एक सकारात्मक और प्रेरणादायक छवि प्रस्तुत की है।
प्रदर्शनी में कारागार द्वारा उगाई गई उच्च गुणवत्ता वाली सब्जियों, मशरूम और फूलों की सराहना विशेषज्ञों और निर्णायक मंडल ने की। पुरस्कार वितरण समारोह में कारागार अधीक्षक बृजेश कुमार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रतिष्ठित चल वैजयंत प्रदान किया। इस अवसर पर कारागार के कृषि कार्यों, उत्पादन क्षमता और बंदियों के कौशल विकास पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
कारागार महानिदेशक पीसी मीणा ने इस उपलब्धि को सुधारात्मक प्रशासन की दिशा में एक बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर, बंदियों को श्रम और कौशल से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह प्रयास बेहद सराहनीय है। कारागार में खेती के माध्यम से न केवल ताजी और पौष्टिक सब्जियों का उत्पादन हो रहा है, बल्कि बंदियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण भी मिल रहा है, जिससे उनके पुनर्वास की राह आसान हो रही है।
अधिकारियों के अनुसार, इस मॉडल से कारागार प्रशासन को आर्थिक लाभ के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती मिली है। बंदियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास का विकास हो रहा है। जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर की यह पहल प्रदेश के अन्य कारागारों के लिए भी एक मिसाल बनकर उभरी है, जहां सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता को एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।



