उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida Fraud Case: फर्जी बैनामा गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाओं समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 करोड़ की ठगी का खुलासा

Greater Noida Fraud Case: फर्जी बैनामा गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाओं समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 करोड़ की ठगी का खुलासा

ग्रेटर नोएडा: जारचा थाना पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री के जरिए जमीन बेचकर लोगों को ठगने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अब तक करोड़ों रुपये की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह जारचा थाना क्षेत्र में करीब 3 करोड़ 3 लाख रुपये की ठगी कर चुका था। डीसीपी ग्रेटर नोएडा परवीन रंजन सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने समाना नहर के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में गाजियाबाद निवासी प्रदीप राणा और बिहार निवासी खुशबू व ज्योत्सना शामिल हैं। इनके कब्जे से एक स्कॉर्पियो एन गाड़ी, चार एटीएम कार्ड और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका एक बड़ा संगठित गिरोह है, जिसका सरगना टीटू राणा उर्फ गौरव है। इस गिरोह में 20 से 25 सदस्य शामिल हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। यह गिरोह सुनियोजित तरीके से उन जमीनों को निशाना बनाता था, जिनके मालिक गांव में नहीं रहते थे।

आरोपी पहले जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे और फिर खरीददारों को तलाश कर उन्हें धोखे से जमीन का बैनामा करा देते थे। जब खरीदार जमीन पर कब्जा लेने पहुंचते थे, तब उन्हें ठगी का एहसास होता था। इसी तरीके से इस गिरोह ने जारचा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

डीसीपी के मुताबिक, मुख्य आरोपी प्रदीप राणा का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है और उस पर करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। उसके भाई टीटू राणा पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button