Delhi Metro Viral: दिल्ली मेट्रो में युवक ने की शराब और अंडे की दावत, वायरल वीडियो पर DMRC से उठे सवाल
रिपोर्ट: रवि डालमिया
देश की राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह सुविधाएं या तकनीक नहीं, बल्कि मेट्रो में हो रही अजीबोगरीब हरकतें हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक मेट्रो के भीतर खुलेआम शराब की बोतल और उबले अंडे के साथ नजर आ रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद DMRC से लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि क्या अब मेट्रो में शराब पीने की इजाजत मिल गई है? वीडियो में दिख रहा है कि युवक मेट्रो की सीट पर बैठा है और सामने रखे कंटेनर में से अंडे निकालकर खा रहा है, वहीं उसके पास शराब की बोतल भी साफ नजर आ रही है। आसपास बैठे यात्रियों में से कुछ असहज नजर आते हैं लेकिन कोई खुलकर प्रतिक्रिया नहीं देता।
इस घटना ने दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि मेट्रो में सुरक्षा के लिए हर समय CRPF तैनात रहती है, प्रत्येक कोच में CCTV कैमरे लगे होते हैं और समय-समय पर दिल्ली पुलिस के जवान भी मेट्रो में पेट्रोलिंग करते हैं। बावजूद इसके, ऐसे वीडियो का सामने आना यह दिखाता है कि नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और निगरानी तंत्र की चूक हो रही है।
DMRC की ओर से फिलहाल इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग लगातार इस घटना की निंदा कर रहे हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इस युवक की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है, वहीं कुछ का कहना है कि इस तरह की घटनाएं मेट्रो में सफर करने वाले हजारों यात्रियों की सुरक्षा और अनुभव दोनों को प्रभावित करती हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली मेट्रो में न तो खाना खाने की अनुमति है और न ही शराब पीने की। ऐसे मामलों में DMRC द्वारा जुर्माना या प्रतिबंध जैसे कड़े कदम उठाए जाते हैं। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर इस युवक के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है और मेट्रो प्रशासन अपनी सुरक्षा व्यवस्थाओं को और सख्त करने के लिए क्या कदम उठाता है।
……………

