Yamuna City Investment: जापान की क्यूपी कॉर्पोरेशन लगाएगी 200 करोड़ का फूड प्रोसेसिंग संयंत्र

Yamuna City Investment: जापान की क्यूपी कॉर्पोरेशन लगाएगी 200 करोड़ का फूड प्रोसेसिंग संयंत्र
नोएडा। यमुना सिटी में विदेशी निवेश को बढ़ावा देते हुए जापान की प्रतिष्ठित फूड प्रोसेसिंग कंपनी Kewpie Corporation ने फूड प्रोसेसिंग संयंत्र स्थापित करने की इच्छा जताई है। कंपनी करीब 200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और इसके लिए आठ से दस एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। शुक्रवार को जापानी प्रतिनिधिमंडल ने यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर औद्योगिक पार्कों का निरीक्षण किया और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे की सराहना की।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, कंपनी प्रबंधन जल्द ही औपचारिक निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत करेगा। प्रस्ताव को बोर्ड और उद्योग विभाग की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इस निवेश से न केवल विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
Kewpie Corporation विश्व स्तर पर एग-योल्क आधारित मेयोनीज और उमामी स्वाद प्रोफाइल के लिए जानी जाती है। जापान में लगभग 60 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी रखने वाली यह कंपनी अमेरिका, चीन, वियतनाम और थाईलैंड समेत 79 से अधिक देशों में सक्रिय है। कंपनी स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पादों के साथ फ्रूट जैम, सॉस और फ्रूट सॉल्यूशंस का भी उत्पादन करती है।
यमुना सिटी में यह तीसरा बड़ा फूड प्रोसेसिंग प्रोजेक्ट होगा। इससे पहले Patanjali Ayurved को सेक्टर-24 और 24ए में 430 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है, जहां मेगा फूड पार्क और फूड प्रोसेसिंग यूनिट का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। यहां प्रतिदिन 10 लाख लीटर क्षमता की डेयरी स्थापित की जाएगी, जिसमें चीज, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों का उत्पादन होगा।
इसके अलावा Innova Food Park को सेक्टर-24 में 30 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहां एग्रो हब विकसित किया जाएगा। इस केंद्र में कृषि और बागवानी उत्पादों की जांच, ग्रेडिंग और पैकेजिंग की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्गो टर्मिनल से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह हब निर्यात प्रक्रिया को तेज और किफायती बनाएगा।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है। कंपनी का औपचारिक प्रस्ताव मिलने के बाद उसकी विस्तृत जांच की जाएगी और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





