विधवा महिला के नवजात को हरियाणा के एक परिवार को दो लाख रुपये में था बेचा

अमर सैनी

नोएडा। जेवर कोतवाली क्षेत्र की एक विधवा महिला की गर्भपात के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने विधवा महिला के बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि विधवा महिला के नवजात को अस्पताल प्रबंधन ने हरियाणा के एक परिवार को दो लाख रुपये में बेचा था। पुलिस अब बच्चे को बाल कल्याण समिति के माध्यम से एक परिवार को सौंपेगी, ताकि बच्चे का पालन-पोषण किया जा सके।

दरअसल, छह अगस्त को कस्बे के पास आरएंडआर कॉलोनी में रहने वाली एक विधवा महिला संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। विधवा महिला के बेटे ने 15 अगस्त को जेवर कोतवाली में अपनी मां की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने विधवा महिला के पड़ोसी प्रेमी जमशेद को हिरासत में लेकर घटना का खुलासा किया था। पुलिस के मुताबिक जमशेद के विधवा महिला से अवैध संबंध थे। इसके चलते महिला गर्भवती हो गई थी। लोक लाज के चलते प्रेमी ने विधवा महिला का बुलंदशहर के डिबाई स्थित एक अस्पताल में गर्भपात करा दिया था। गर्भपात के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बच्चा बच गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी और एक झोलाछाप दंपत्ति समेत एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में शामिल चार आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने अब इस मामले में विधवा महिला के बच्चे को भी बरामद कर लिया है। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने महिला के बच्चे को दो लाख रुपये में हरियाणा के एक परिवार को बेच दिया था। बच्चे का पालन-पोषण हरियाणा के परिवार द्वारा ठीक से किया जा रहा था, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के तहत बच्चे को नहीं लिया गया था। इसके चलते पुलिस ने बच्चे को बरामद कर लिया। पुलिस द्वारा बच्चे को सीडब्ल्यूसी को सौंप दिया जाएगा। सीडब्ल्यूसी द्वारा बच्चे को किसी परिवार को सौंपा जाएगा, ताकि बच्चे का पालन-पोषण ठीक से हो सके। इसके लिए सीडब्ल्यूसी कानूनी प्रक्रिया के तहत बच्चे को किसी परिवार को सौंप देगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img