राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : जलती चिता से उपले निकाल हुक्के में भरने का वीडियो वायरल, गांव में आक्रोश

Hapur News : जनपद हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शमशान घाट पर हुई बेहद संवेदनशील और दुस्साहसिक घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है। शुक्रवार को गांव के एक युवक की बुआ का निधन हो गया, जिसके बाद पूरे विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। चिता की लकड़ियां जल ही रही थीं कि इसी दौरान दो युवकों ने अमर्यादित हरकत करते हुए जलती चिता से उपले निकाल लिए और उन्हें अपने साथ लाए हुक्के में भर लिया।

इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद गांववासियों और शोक संतप्त परिवार में भारी रोष फैल गया। जानकारी के अनुसार युवक के फूफा का पहले ही निधन हो चुका था और उसकी बुआ उसके साथ ही रह रही थीं। अचानक हुई मौत के बाद परिवार ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी कीं। जब चिता जल रही थी और परिजन व ग्रामीण वापस लौट चुके थे, तभी यह घटना घटित हुई।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक हुक्का लेकर शमशान घाट पहुंचता है और जलती चिता से उपले निकालकर उसे हुक्के में भरता है, जबकि दूसरा युवक भी उसके साथ मौजूद रहता है। चिता की भस्म और उपलों का इस तरह इस्तेमाल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला माना जा रहा है।

थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button