राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : डीजे बजाने को लेकर बुलंदशहर में बवाल, दलित परिवार के घर में घुसकर मारपीट

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर जिले के गिनौरा शेख गांव में कुंआ पूजन और जागरण के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

जानकारी के अनुसार देहात कोतवाली क्षेत्र के गिनौरा शेख गांव में एक दलित परिवार के यहां कुंआ पूजन और जागरण का कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के दर्जनों लोग दलित परिवार के घर में घुस गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घर में मौजूद महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई। साथ ही जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का भी आरोप लगाया गया है।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने हालात की निगरानी की। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था कायम है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

Related Articles

Back to top button