राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में सड़क हादसा, दो युवक गंभीर रूप से घायल

Hapur News : हापुड़ में पिलखुवा में दिल्ली-हापुड़ फ्लाईओवर पर गुरुवार को एक सड़क हादसा हुआ। इसमें बुलेट मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब बुलेट ने फ्लाईओवर पर पंचर के कारण खड़ी एक कार को पीछे से टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना पिलर संख्या 144 के पास हुई। एक KIA कार पंचर होने के कारण फ्लाईओवर पर साइड में खड़ी थी। इसी दौरान, पीछे से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल कार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट सवार एक युवक फ्लाईओवर से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरा। उसे गंभीर हालत में तत्काल जीएस हॉस्पिटल, पिलखुवा भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घायल युवक की पहचान बिजनौर के चांदपुर निवासी अयान (लगभग 25 वर्ष) पुत्र अब्दुल के रूप में हुई है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बुलेट मोटरसाइकिल चालक अली (लगभग 21 वर्ष) पुत्र अब्दुल्ला, जो बिजनौर के चांदपुर के मोहल्ला पटियापाड़ा का निवासी है, भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सरस्वती अस्पताल, पिलखुवा में भर्ती कराया गया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्योपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि तहरीर मिलने पर हादसे के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button