उत्तर प्रदेश : हापुड़ में जंगल में मिले प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष, पुलिस जांच में जुटी

Hapur News : जनपद हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदरखा के जंगल में देर रात प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और गौ रक्षा वाहिनी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।
गौ रक्षा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस कर्मियों ने उन्हें जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने पशु चिकित्सा विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया।
ग्रामीणों की मदद से पशु अवशेषों को कब्जे में लिया गया। कुछ अवशेषों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए, जबकि बाकी अवशेषों को गड्ढे खोदकर दबवा दिया गया।
सीओ स्तुति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पशु अवशेषों को कब्जे में ले लिया गया है। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





