उत्तर प्रदेश : चाइनीज मांझे के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान, शहर में नहीं मिला प्रतिबंधित मांझा

Hapur News : चाइनीज और खतरनाक मांझे की बिक्री पर रोक को सख्ती से लागू कराने के लिए सीओ सिटी वरुण मिश्रा के नेतृत्व में शहरभर में अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर सघन जांच की, हालांकि कहीं भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद नहीं हुआ।
दरअसल, शुक्रवार को सीओ सिटी वरुण मिश्रा पुलिस टीम के साथ शहर की विभिन्न दुकानों पर पहुंचे और चाइनीज मांझे की तलाश में जांच की। पुलिस की कार्रवाई से दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि चाइनीज मांझे की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है, क्योंकि यह मानव जीवन के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए भी बेहद खतरनाक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में इसकी बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि चाइनीज मांझे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





