उत्तर प्रदेश : चैत्र नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी पर हापुड़ देहात थाने में कन्या पूजन, नारी शक्ति सम्मान का दिया संदेश

Hapur News : हापुड़ में चैत्र नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर थाना हापुड़ देहात परिसर में श्रद्धा और भक्ति के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जहां थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने कन्याओं का पूजन कर समाज को नारी सम्मान का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

गुरुवार को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में थाना परिसर में कन्या भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने नौ कन्याओं के चरण पखारकर विधि-विधान से उनका पूजन किया। पूजन के उपरांत कन्याओं को आदरपूर्वक भोजन कराया गया और उन्हें उपहार व दक्षिणा भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा कि चैत्र नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति की महत्ता को दर्शाता है और हमें महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कन्याएं देवी का स्वरूप होती हैं और उनका पूजन करना अत्यंत सौभाग्य की बात है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस विभाग न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि सामाजिक और धार्मिक मूल्यों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाता है।
कार्यक्रम में थाने का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और पुलिस कर्मियों ने भी कन्याओं की सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लिया। थाना परिसर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन की क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।





