उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : युवक की हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : जनपद बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल ईंट और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। यह जानकारी शुक्रवार को एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

एसपी देहात ने बताया कि मामला थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव छोटाबांस का है, जहां 29 मार्च 2026 की शाम अनमोल नामक युवक एक फोन कॉल आने के बाद घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने 1 अप्रैल 2026 को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान 2 अप्रैल 2026 को गांव के बाहर एक कुएं से एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान बाद में लापता अनमोल के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रजत, अंकुर उर्फ सन्नी और मोनू को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक और वे आपस में दोस्त थे। उन्होंने बताया कि अनमोल ने आरोपी अंकुर उर्फ सन्नी से रजत की बहन से बात कराने के लिए कहा था, जिसे सन्नी ने मना कर दिया था। इसके अलावा अनमोल सन्नी की मौसी की बेटी से भी बात करना चाहता था, जिससे आरोपी नाराज थे।

आरोपियों ने 29 मार्च को अनमोल को फोन कर गांव के बाहर बुलाया, जहां उसे शराब पिलाई गई और फिर उसके सिर पर ईंट से वार कर गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए कुएं में फेंक दिया गया था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button