राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ के कोटला सादात में भीषण आग, 19 झुग्गियां जलकर राख

Hapur News : हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र स्थित मोहल्ला कोटला सादात में सोमवार दोपहर अचानक लगी आग ने बड़ा रूप ले लिया, जिससे करीब 19 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय लोगों के प्रयास नाकाफी साबित हुए और देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और लपटों से घिर गया।

मोहल्ले के लोगों के अनुसार झुग्गियों में रहने वाले असम के अधिकांश लोग इन दिनों अपने गृह राज्य में चुनाव के चलते गए हुए थे, जिसके कारण झुग्गियां खाली पड़ी थीं। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे एक बच्चा कूड़े के पास खेल रहा था और उसके पास माचिस होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि उसी से कूड़े में आग लगी, जिसने कुछ ही समय में आसपास की झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे, जबकि दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन झुग्गियों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया, हालांकि प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।

Related Articles

Back to top button