उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में लापरवाही पर चौकी प्रभारी समेत 13 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र की जोखाबाद पुलिस चौकी प्रभारी समेत 13 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में नशीली दवाओं के नकली रैपर बनाने की एक फैक्ट्री का खुलासा दिल्ली पुलिस द्वारा किया गया था। दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ के बाद सिकंदराबाद पहुंचकर फैक्ट्री से नशीली दवाओं के नकली रैपर बनाने की दो मशीनें भी बरामद की थीं। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने भी फैक्ट्री से नशीली दवाओं के नकली रैपर बरामद किए थे।

इस पूरे मामले में जोखाबाद पुलिस चौकी प्रभारी और वहां तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने इस गंभीर प्रकरण की सूचना समय रहते उच्च अधिकारियों को नहीं दी और मामले को छिपाने का प्रयास किया गया। जांच में इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता माना गया।

एसएसपी ने बताया कि लापरवाही के चलते चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रघुवीर सिंह, उप निरीक्षक रोहित कुमार सहित आठ हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है। साथ ही इस पूरे प्रकरण की विभागीय जांच सीओ सिकंदराबाद को सौंपी गई है और उनसे रिपोर्ट तलब की गई है।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने साफ कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर पुलिस कर्मियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img