उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : गाजियाबाद में निजी बैंक कर्मचारी के फ्लैट से 15 लाख के गहने और नकदी चोरी

Ghaziabad News : गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र में चोरों ने एक निजी बैंक कर्मचारी के फ्लैट का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के गहने और 15 हजार रुपये की नकदी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के समय पूरा परिवार पड़ोस वाले फ्लैट में सो रहा था। सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।

श्याम पार्क की गली नंबर चार में रहने वाले विनीत नोएडा में एक निजी बैंक में कार्यरत हैं। उनके बराबर वाले फ्लैट में उनके भाई रहते हैं, जिनके साथ उनकी मां भी रहती हैं। शुक्रवार को विनीत की पत्नी बच्चों को लेकर मायके गई हुई थीं, जबकि विनीत अपने भाई के फ्लैट में रुक गए थे।

रविवार सुबह करीब सात बजे जब विनीत की मां की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उनके फ्लैट के बाहर लगी जाली को बाहर से कुंडी लगाकर बंद किया गया है। किसी तरह कुंडी खुलवाकर जब वह बाहर निकलीं तो सामने विनीत के फ्लैट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा गया तो सारा सामान बिखरा पड़ा था।

जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी सोने की दो चेन, पांच अंगूठियां समेत अन्य गहने और 15 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसके अलावा भी अन्य कीमती सामान चोरी होने की बात सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही विनीत ने डायल 112 पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button