राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : अपहरण की सूचना निकली फर्जी, वाहन से बचाने के प्रयास को लोगों ने समझा घटना

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर में स्कूल जा रही एक बच्ची के अपहरण के प्रयास की सूचना जांच में पूरी तरह फर्जी निकली। पुलिस ने बच्ची, उसके परिजनों और स्कूल के शिक्षकों से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा किया।

मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि गांव बक्सर की तीन बच्चियां थाने के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना दी गई कि एक युवक ने एक बच्ची के अपहरण का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने बच्ची, युवक, उसके परिजनों और स्कूल के शिक्षकों से विस्तृत पूछताछ की। जांच के दौरान सामने आया कि बच्चियां सड़क पर चल रही थीं और उसी समय सड़क पर वाहनों का आवागमन भी हो रहा था। इसी दौरान युवक ने बच्ची को गुजरते वाहनों से बचाने के लिए उसे सड़क के किनारे करने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण बच्ची सड़क पर गिर गई। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों को लगा कि युवक बच्ची का अपहरण करने की कोशिश कर रहा है, जिसके बाद यह सूचना तेजी से फैल गई। बाद में पुलिस द्वारा सभी पक्षों से पूछताछ करने पर स्पष्ट हुआ कि मामला केवल गलतफहमी का था।

पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया और लोगों से अपील की कि किसी भी सूचना को बिना पुष्टि के फैलाने से बचें।

Related Articles

Back to top button