राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंका, पहचान छिपाने को उपलों से ढका

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के छोटाबांस गांव में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पांच दिनों से लापता एक युवक का शव कुएं से बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को कुएं में फेंक दिया गया और पहचान छिपाने के लिए ऊपर से उपलों का ढेर लगाकर उसे ढक दिया गया।

मृतक की पहचान 17 वर्षीय अनमोल पुत्र हरिराज के रूप में हुई है, जो छोटाबांस गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि अनमोल 29 मार्च से लापता था, जिसके बाद परिजनों की तहरीर पर अहमदगढ़ थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

गुरुवार सुबह ग्रामीणों को गांव के एक कुएं से तेज बदबू आने पर शक हुआ। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो वहां उपलों का ढेर नजर आया। शक होने पर उपलों को हटाया गया, जिसके नीचे एक शव दबा हुआ मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अहमदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान अनमोल के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।

एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या के एंगल से पड़ताल जारी है।

Related Articles

Back to top button