Noida Accident: सेक्टर-58 क्षेत्र में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

Noida Accident: सेक्टर-58 क्षेत्र में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और शिकायत के आधार पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना 19 जुलाई की रात की है। मैनपुरी जिले के सोतियाना निवासी आशुतोष दुबे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता राम प्रकाश दुबे और भाई आशीष कुमार दुबे बाइक से सेक्टर-12/22 से गढ़ी चौखंडी जा रहे थे। रात करीब 8:30 बजे सेक्टर-57 कट के पास एक ट्रैक्टर चालक ने कथित लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में पिता और पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सेक्टर-71 स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान राम प्रकाश दुबे की मौत हो गई। जबकि आशीष कुमार का इलाज अभी जारी है।
दूसरी घटना 21 जुलाई की रात की है। गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी निवासी अर्जुन सिंह ने बताया कि उनके भाई अंकित सिंह पंवार बाइक से अपने मामा के घर से लौट रहे थे। सेक्टर-62 स्थित डी पार्क के सामने दिल्ली नंबर की एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल अंकित सिंह को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हादसों की विस्तृत जांच की जा रही है।





