उत्तर प्रदेश : हापुड़ में बंद मकान से लाखों की नकदी और लाखों के आभूषण चोरी

Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के उपेड़ा गांव में एक बंद मकान से लाखों रुपये की चोरी हो गई। चोरों ने घर से करीब 5 लाख रुपये नकद और लाखों के स्वर्ण आभूषण चुरा लिए। वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पीड़ित अनिल के अनुसार, चोर देर रात दीवार फांदकर मकान में घुसे। उन्होंने अलमारी तोड़कर उसमें रखी नगदी और आभूषण चुराए। सबूत मिटाने के लिए चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी अपने साथ ले गए।
मकान मालिक अनिल अपने परिवार के साथ किसी रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पाया। अंदर कमरों में सामान बिखरा था और अलमारी टूटी हुई थी। अनिल ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कह रही है, हालांकि डीवीआर चोरी होने से जांच में कठिनाई आ सकती है।
थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।





