उत्तर प्रदेश : हापुड़ में जन्मदिन समारोह बना जंग का अखाड़ा, महिला के कपड़े फाड़े और की मारपीट

Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव में ननद के बेटे के जन्मदिन समारोह के दौरान परिवारिक विवाद ने भयानक रूप ले लिया। इस दौरान एक महिला के मुंह पर आरोपियों ने जबरन केक लगा दिया, विरोध करने पर गाली-गलौज कर कपड़े फाड़ छेड़छाड़ तक कर दी। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर पति समेत छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 31 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे उसके घर पर ननद के बेटे का जन्मदिन मनाया जा रहा था। पूरा परिवार केक काटने की रस्म निभा रहा था। इसी दौरान उसके नंदोई जिला बुलंदशहर के गांव सेठा निवासी रिछपाल और देवर योगेश ने अचानक उसके चेहरे पर जबरन केक लगा दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे और मारपीट पर उतर आए। शोर-शराबा सुनकर उसकी ननद, सास और पति भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी छह आरोपियों ने मिलकर महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की, जानलेवा हमला किया, उसके कपड़े फाड़ दिए और छेड़छाड़ की। पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर घर से बाहर भागी और सीधे थाना बाबूगढ़ पहुंचकर पूरे मामले की तहरीर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





