राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : मथुरा से बड़ी खबर, एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

Mathura News : मथुरा जिले के महावन क्षेत्र स्थित खप्परपुर गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक ही परिवार के पांच सदस्यों—पति, पत्नी और तीन मासूम बच्चों के शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए। इस सामूहिक मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

मृतकों की पहचान किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह काफी देर तक घर का कोई सदस्य बाहर नहीं दिखा। मनीष के भाई सुधीर ने अनहोनी की आशंका में दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और कमरे का दरवाजा तोड़ा, जहाँ अंदर का दृश्य भयावह था। बेड पर मां और दो बच्चों के शव पड़े थे, जबकि एक बेटी का शव चारपाई पर था। मनीष का शव फर्श पर पड़ा मिला।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्लोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला ‘हत्या के बाद आत्महत्या’ का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का अनुमान है कि मनीष ने पहले अपनी पत्नी का सिर कुचलकर हत्या की और फिर सोते हुए तीनों बच्चों का गला घोंट दिया। अंत में उसने स्वयं करंट लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मौके पर खून के निशान भी पाए गए हैं।

पुलिस को मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।कमरे की दीवार पर सुसाइड नोट लिखा मिला है, जिसमें दर्ज है कि मनीष और सीमा अपनी मर्जी से जान दे रहे हैं और पुलिस किसी को परेशान न करे।एक कागज पर भी सुसाइड नोट मिला है। साथ ही, मनीष के मोबाइल से 48 सेकंड का एक वीडियो बरामद हुआ है, जिसमें उसने इस आत्मघाती कदम की बात स्वीकार की है।

हालाँकि प्राथमिक दृष्टि में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पुलिस तंत्र-विद्या और आपसी रंजिश जैसे अन्य बिंदुओं पर भी गंभीरता से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

Related Articles

Back to top button