उत्तर प्रदेश : बांग्लादेशी महिला को पति सहित हापुड़ पुलिस ने किया गिरफ्तार

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर के गांव दौताई में एक बांग्लादेशी महिला को अवैध रूप से रहने और फर्जी दस्तावेज बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पति को भी हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में महिला के पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट, वीजा, नेशनल आईडी कार्ड, बैंक संबंधी दस्तावेज और भारतीय वोटर आईडी सहित कई महत्वपूर्ण कागजात बरामद हुए हैं।
उपनिरीक्षक शिवांग शेखर ने बताया कि 25 फरवरी को ग्राम दौताई में शांति व्यवस्था की जांच के दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया कि मोहम्मद मशरूफ की पत्नी रानी बेगम मूल रूप से बांग्लादेश की निवासी है और पिछले एक साल से गांव में अवैध रूप से रह रही है। दंपती पर स्थानीय पते पर वोटर पहचान पत्र समेत अन्य फर्जी दस्तावेज बनवाने का भी आरोप है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोहम्मद मशरूफ के घर पर दबिश दी। हालांकि, मौके पर पति-पत्नी मौजूद नहीं थे। तलाशी के दौरान एक बैग से कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए। इन दस्तावेजों की जांच में महिला का वास्तविक नाम महमूदा बेगम सामने आया। उसके पास से बांग्लादेश का पासपोर्ट और भारत का वीजा मिला, जिसकी वैधता अवधि समाप्त हो चुकी थी।
बरामद कागजात में 11 फरवरी 2021 को दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया में हुए निकाह का प्रमाण पत्र भी शामिल है। इसके अलावा, बैंक पासबुक, मोबाइल सिम कार्ड रैपर, ट्रैवल एजेंसी का कार्ड और ग्राम पंचायत द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र भी मिले हैं।
जांच में यह पुष्टि हुई कि वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद महिला भारत में अवैध रूप से रह रही थी। उसने अपना नाम बदलकर रानी बेगम के नाम से भारतीय पहचान पत्र भी बनवा लिया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने शुक्रवार को बताया कि महमूदा बेगम उर्फ रानी बेगम और मोहम्मद मशरूफ को गिरफ्तार कर लिया गया है।




