उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को रौंदा, मौके पर मौत; चालक ट्रक छोड़कर फरार

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित भैरव मंदिर के सामने सोमवार रात करीब नौ बजे दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मोहल्ला राजीव विहार निवासी रवि कुमार (48) अपने भाई के लिए और अपना खाना लेकर लौट रहे थे, तभी सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मूल रूप से नगर के मोहल्ला खारी कुआं निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह अपने छोटे भाई रवि कुमार के साथ दिल्ली रोड स्थित ट्रक यूनियन के बाहर चाय की दुकान चलाते हैं और वर्तमान में राजीव विहार में किराये के मकान में रह रहे हैं। सोमवार रात रवि कुमार उनका और अपना खाना लेने के लिए मुनीम होटल गए थे।

बताया गया कि लौटते समय दिल्ली रोड पर भैरव मंदिर के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया।

परिजनों के अनुसार रवि कुमार तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे और अविवाहित थे। उनके एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। रवि की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button