Uttar Pradesh : हापुड़ में कांग्रेस-सपा का प्रदर्शन, पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से झड़प

Hapur News : हापुड़ में गुरुवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री Yogi Adityanath का पुतला फूंकने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुतला छीनने को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी देखने को मिली।
यह प्रदर्शन भाजपा द्वारा नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi का पुतला फूंकने के विरोध में किया गया था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने भाजपा की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह से मिला और राहुल गांधी का पुतला फूंकने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने आरोप लगाया कि हापुड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्कूली बच्चों का इस्तेमाल करते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया।
पुलिस अधीक्षक से मुलाकात से पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने अपने पदाधिकारियों के साथ समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। दोनों दलों ने भाजपा द्वारा Rahul Gandhi और Akhilesh Yadav के पुतले फूंकने पर कड़ा विरोध जताया।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक गजराज सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी अनुशासन समिति के चेयरमैन पंडित अरविंद शर्मा, पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी मानवी सिंह, अरुण वर्मा, पीसीसी सदस्य नरेश भाटी, जिला कोषाध्यक्ष सुशील शास्त्री, जिला महासचिव गौरव गर्ग, जस्सा सिंह, गोपाल भारती और महबूब अली समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





