Faridabad Crime: दोस्त के सिर में गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की कार्रवाई

Faridabad Crime: दोस्त के सिर में गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की कार्रवाई

रिपोर्ट: संदीप चौहान

हरियाणा के फरीदाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना का खुलासा हुआ है, जहां दोस्त के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बल्लभगढ़ की सुभाष कॉलोनी निवासी नेत्रपाल ने थाना शहर बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका बेटा योगेश 21 अप्रैल को अपने दोस्त हर्ष के साथ भीकम कॉलोनी निवासी अभय के घर गया था। बताया गया कि वे वहां अनाज की टंकी भरवाने के लिए पहुंचे थे, तभी अभय ने अवैध देसी कट्टे से योगेश के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शिकायत के आधार पर थाना शहर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने 23 अप्रैल को अभय को भीकम कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी अभय ने बताया कि 21 अप्रैल को योगेश और हर्ष उसके घर आए थे। इस दौरान जब वह अनाज डालने से पहले कमरे की सफाई कर रहा था, तभी उसे एक देसी कट्टा मिला। उसने उसी कट्टे से गोली चलाई, जो सीधे योगेश के सिर में जा लगी और उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग भी हैरान हैं कि मामूली सी बात इतनी बड़ी वारदात में बदल गई।

 

Delhi Firing: करोल बाग में देर रात ताबड़तोड़ गोलियां, युवक गंभीर रूप से घायल

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img