
Republic Day Parade 2026: गणतंत्र दिवस परेड 2026 की थीम ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष, कर्तव्य पथ पर दिखेगा सैन्य शौर्य और सांस्कृतिक वैभव
नई दिल्ली, 16 जनवरी। 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड 2026 इस बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने की ऐतिहासिक थीम पर आधारित होगी। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि परेड के माध्यम से भारत की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और आत्मनिर्भर भारत की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इस वर्ष परेड के मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन होंगे।
गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सेना पहली बार ‘फेज्ड बैटल एरे’ प्रारूप में अपने आधुनिक हथियारों और तकनीकों का प्रदर्शन करेगी। टैंक, मिसाइल सिस्टम, ड्रोन, रोबोटिक व्हीकल और अत्याधुनिक सैन्य उपकरण कर्तव्य पथ पर देश की रक्षा क्षमता की झलक दिखाएंगे। परेड में 18 मार्चिंग टुकड़ियां, 13 सैन्य बैंड और भारतीय वायुसेना का भव्य फ्लाई-पास्ट भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इस अवसर पर कर्तव्य पथ पर कुल 30 झांकियां निकाली जाएंगी, जिनमें 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों तथा 13 मंत्रालयों और विभागों की झलकियां शामिल होंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में लगभग 2500 कलाकार ‘स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम्’ और ‘समृद्धि का मंत्र – आत्मनिर्भर भारत’ विषय पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इस वर्ष 10 हजार विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें किसान, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, स्टार्टअप उद्यमी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल होंगे। यह भव्य आयोजन जनभागीदारी, राष्ट्रीय एकता और भारत के गौरव का प्रतीक बनेगा।





