Rentomojo Warehouse Fire: रेंटोमोजो वेयरहाउस में भीषण आग, 16 दमकल गाड़ियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

Rentomojo Warehouse Fire: रेंटोमोजो वेयरहाउस में भीषण आग, 16 दमकल गाड़ियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित Rentomojo के वेयरहाउस में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 16 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब चार घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। शुरुआती समय में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और वेयरहाउस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था। हालात को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों की आवश्यकता पड़ी, जिसके लिए आसपास के जिलों के अग्निशमन विभागों से भी समन्वय स्थापित किया गया। अधिकारियों के अनुसार कुल 16 दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। फायर कर्मियों ने लगातार चार घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग को नियंत्रित किया। सबसे बड़ी चुनौती आग को आसपास स्थित अन्य औद्योगिक इकाइयों और फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकना था, जिसमें टीमों को सफलता मिली। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा औद्योगिक हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि विस्तृत जांच की जा रही है और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। यह वेयरहाउस मोहन स्वरूप अस्पताल के सामने, धूम मानिकपुर गांव स्थित बिजली घर के पीछे स्थित है। यहां घरेलू उपकरण, फर्नीचर और अन्य सामान रखा जाता था, जिन्हें कंपनी किराये पर उपलब्ध कराती है। आग लगने से वेयरहाउस में रखे बड़ी मात्रा में सामान के नुकसान की आशंका है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार घटना के समय वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा गार्डों ने सबसे पहले आग देखी और तत्काल पुलिस तथा फायर विभाग को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के समय क्षेत्र में तेज आंधी और तूफान भी चल रहा था। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आग बुझाने में अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि फायर कर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। आग की इस घटना के कारण धूम मानिकपुर औद्योगिक क्षेत्र में देर रात तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारी और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में घटनास्थल के आसपास जमा हो गए थे। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।





