Noida vehicle theft gang: नोएडा में अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 24 दोपहिया वाहन बरामद

Noida vehicle theft gang: नोएडा में अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 24 दोपहिया वाहन बरामद
नोएडा, 13 फरवरी: Noida के थाना सेक्टर-49 पुलिस ने अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 22 मोटरसाइकिल, 2 स्कूटी, एक फर्जी नंबर प्लेट तथा एक अवैध .32 बोर तमंचा मय एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से कार्रवाई करते हुए बिजलीघर सेक्टर-50 क्षेत्र से तीनों आरोपियों को दबोचा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विशाल उर्फ सलीम (23 वर्ष), दीपक (22 वर्ष) और दिवाकर सरकार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। विशाल उर्फ सलीम के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।
बरामद वाहनों में से एक मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-20 नोएडा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 347/2025 से संबंधित पाई गई है। वहीं दो अन्य मोटरसाइकिलें Ashok Nagar और Pul Prahladpur थानों में दर्ज मामलों से जुड़ी हुई हैं। पुलिस अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद सहित एनसीआर के विभिन्न इलाकों में पहले रैकी करता था और फिर मौका देखकर दोपहिया वाहनों की चोरी कर लेता था। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थान पर छिपाकर रखा जाता था और बाद में राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच दिया जाता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी विशाल उर्फ सलीम पर आर्म्स एक्ट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दीपक पर भी चोरी, आयुध अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं, जबकि दिवाकर सरकार का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न राज्यों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। बरामदगी के आधार पर अन्य मामलों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





