उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Snatching Case: सेक्टर-39 थाना पुलिस ने झपटमारी करने वाला बदमाश दबोचा, दो मोबाइल और तमंचा बरामद

Noida Snatching Case: सेक्टर-39 थाना पुलिस ने झपटमारी करने वाला बदमाश दबोचा, दो मोबाइल और तमंचा बरामद

नोएडा में झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के तहत सेक्टर-39 थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बाइक पर सवार होकर अपने साथी के साथ मिलकर राहगीरों से मोबाइल फोन झपटने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ बुलंदशहर और नोएडा में कुल तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से सेक्टर-39 थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। राह चलते लोगों को निशाना बनाकर वह अपने साथी के साथ बाइक से तेजी से आता, मोबाइल झपटकर मौके से फरार हो जाता था। इस तरह की कई शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की। शुक्रवार को पुलिस टीम को सूचना मिली, जिसके आधार पर सेक्टर-45 सोम बाजार कट के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोका गया, तलाशी लेने पर उसके पास से दो मोबाइल फोन और एक तमंचा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने झपटमारी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-39 थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसका फरार साथी कौन है और उसने किन-किन इलाकों में झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button