राज्यउत्तर प्रदेश

Noida: नए साल के स्वागत में जश्न से सराबोर नोएडा, मॉल और पिकनिक स्पॉट बने सेलिब्रेशन हब

Noida: नए साल के स्वागत में जश्न से सराबोर नोएडा, मॉल और पिकनिक स्पॉट बने सेलिब्रेशन हब

नए साल के आगमन में अब कुछ ही घंटे शेष हैं और नोएडा पूरी तरह जश्न के रंग में डूबा नजर आ रहा है। शहर के प्रमुख मॉल, पिकनिक स्पॉट और मनोरंजन स्थलों को आकर्षक रोशनी, रंग-बिरंगी सजावट, लाइव म्यूजिक और मनोरंजक गतिविधियों से सजाया गया है। परिवारों, युवाओं और बच्चों के लिए नोएडा इस बार नए साल के स्वागत का बड़ा केंद्र बन गया है।

नोएडा के द जंगल ट्रेल में आयोजित मार्केट कार्निवाल लोगों के बीच खासा लोकप्रिय बना हुआ है। यहां स्ट्रीट फूड, शॉपिंग स्टॉल और मनोरंजन के कई विकल्प मौजूद हैं। द जंगल ट्रेल के मैनेजर अर्जुन त्यागी के अनुसार, यह कार्निवाल चार जनवरी तक चलेगा, ताकि वीकेंड और छुट्टियों के दौरान अधिक से अधिक परिवार यहां आकर नए साल का आनंद उठा सकें।

जीआईपी और गार्डन्स गैलेरिया मॉल को नए साल के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। जीआईपी मॉल के एसोसिएट डायरेक्टर मार्केटिंग सैय्यद शमीम अनवर ने बताया कि मॉल में 24 फीट लंबा और 8 फीट ऊंचा ‘2026’ सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वहीं गार्डन्स गैलेरिया में 31 दिसंबर की रात ढोल शो, नाइट काउंटडाउन और रेस्तरां में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। फूड कॉर्नर पर भी आकर्षक ऑफर्स दिए जा रहे हैं।

सेक्टर-18 स्थित डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया में भव्य इंस्टॉलेशन के जरिए नए साल का जश्न और खास बनाया गया है। मॉल के मीडिया प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार डीएलएफ मॉल और गौड़ सिटी मॉल को नोएडा के प्रमुख आकर्षण के रूप में तैयार किया गया है। रोशनी से सजी संरचनाएं खासतौर पर परिवारों और बच्चों को खूब पसंद आ रही हैं।

इसके अलावा सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मेट्रो में फेस्टिव डेकोरेशन और लाइव सिंगिंग लोगों को झूमने पर मजबूर कर रही है। गुलशन वन 29 मॉल में बच्चों के लिए आर्ट और क्राफ्ट, ड्राइंग, पॉटरी, ओरिगामी वर्कशॉप, मैजिक शो और फोटो बूथ जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौड़ सिटी मॉल में ‘फेस्टोपिया 2026’ के तहत 10 जनवरी तक चलने वाला विंटर कार्निवाल, बुक फेयर, लाइव म्यूजिक, परफॉर्मेंस और न्यू ईयर सेल लोगों को आकर्षित कर रहा है। कुल मिलाकर, इस बार नोएडा नए साल के स्वागत में रोशनी, उल्लास और खुशियों से सराबोर नजर आ रहा है।

Related Articles

Back to top button