Noida Lokmanch: नोएडा लोकमंच ने जरूरतमंदों में बांटे गरम कपड़े और ठंड से बचाव सामग्री
रिपोर्ट: अजीत कुमार
नोएडा। सर्दियों में जरूरतमंदों को ठंड से राहत देने के उद्देश्य से नोएडा लोकमंच द्वारा गरीब, मजदूर और असहाय लोगों के लिए कंबल वितरण सेवा अभियान 25 दिसंबर से चल रहा है और यह निरंतर संचालित किया जा रहा है।
इस पहल के तहत नोएडा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गरीबों और जरूरतमंदों को कंबल, शाल, साड़ियाँ और स्वेटर जैसे ठंड से बचाव करने वाले वस्त्र वितरित किए जा रहे हैं। अब तक इस अभियान के माध्यम से 1800 कंबल, 500 शाल, 1000 साड़ियाँ और 500 स्वेटर जरूरतमंदों तक पहुंचाए जा चुके हैं।
लोकमंच के संचालक महेश सक्सेना ने बताया कि जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान और सुकून देखकर उन्हें इस सेवा अभियान की सबसे बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को यह अभियान सेक्टर-8 मस्जिद, सेक्टर-61 साईं बाबा मंदिर, सेक्टर-45, सेक्टर-59, भंगेल, बरौला, सेक्टर-16, 17, 18 की झुग्गियों और सेक्टर-31 मस्जिद सहित कई क्षेत्रों में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने समाज के सभी संवेदनशील और जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे अपने सामर्थ्य के अनुसार इस मानवीय प्रयास में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों के जीवन में खुशहाली लाई जा सके। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया और कहा कि यदि किसी को कोई जरूरतमंद दिखाई देता है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
इस तरह की पहल न केवल गरीब और असहाय लोगों के लिए राहत का काम करती है, बल्कि समाज में मानवता और संवेदनशीलता की भावना को भी बढ़ावा देती है।


