राज्यउत्तर प्रदेश

Noida kidnapping case: नोएडा में सनसनीखेज वारदात, सीनियर एसोसिएट का अपहरण कर बदमाशों ने मारपीट कराए 50 हजार रुपये ट्रांसफर

Noida kidnapping case: नोएडा में सनसनीखेज वारदात, सीनियर एसोसिएट का अपहरण कर बदमाशों ने मारपीट कराए 50 हजार रुपये ट्रांसफर

नोएडा के ईकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां कार सवार चार बदमाशों ने एक निजी कंपनी में कार्यरत सीनियर एसोसिएट का असलहा के बल पर अपहरण कर लिया। बदमाशों ने पीड़ित के साथ मारपीट की, उसका मोबाइल छीन लिया और धमकी देकर उसके बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर करा लिए। हालांकि पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए मौके का फायदा उठाकर बदमाशों के चंगुल से भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जेवर क्षेत्र के गांव जेवर खादर निवासी बुद्ध पाल सिंह नोएडा सेक्टर-62 स्थित इनोडेटा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सीनियर एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 मार्च की सुबह करीब पांच बजे वह अपनी टियागो ईवी कार से ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब वह जीरो प्वाइंट से स्टेलर के पास पहुंचे तो उन्हें बाथरूम जाना था, जिसके चलते उन्होंने सड़क किनारे अपनी कार रोक दी और नीचे उतर गए।

बुद्ध पाल सिंह के अनुसार जब वह वापस अपनी कार में बैठने लगे तभी पीछे से एक नेक्सोन कार आकर रुकी। उस कार से चार युवक तेजी से बाहर निकले और आते ही उनकी कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें असलहा दिखाकर डराया और जबरन अपनी कार में बैठा लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनकी टियागो कार को करीब तीन किलोमीटर आगे ले जाकर सड़क किनारे छोड़ दिया और उन्हें अपनी कार में लेकर निकल गए।

पीड़ित का कहना है कि कार में बैठाने के बाद बदमाशों ने लगातार उनसे मारपीट की और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए बैंक खाते और ऑनलाइन पेमेंट से जुड़ी सभी जानकारी देने के लिए मजबूर किया। उन्होंने डर के माहौल में पीड़ित से मोबाइल में मौजूद ऑनलाइन पेमेंट एप्लीकेशन जैसे पेफोन, गूगल पे और पेटीएम के पासवर्ड भी हासिल कर लिए।

इसके बाद बदमाशों ने पीड़ित से उनके घर फोन करवाया और परिवार वालों से कहा कि उनके खाते में एक लाख रुपये तुरंत ट्रांसफर करें, नहीं तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। परिवार वाले इस धमकी से घबरा गए और तुरंत 50 हजार रुपये पीड़ित के मोबाइल पर भेज दिए। बदमाशों ने उसी रकम को तुरंत अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया।

बुद्ध पाल सिंह ने बताया कि बदमाश उन्हें पहले नोएडा की तरफ ले गए और फिर दादरी होते हुए हापुड़ की ओर निकल गए। रास्ते में गांव मसोता के पास बदमाश लघुशंका के लिए कार रोककर नीचे उतरे। उसी दौरान पीड़ित ने साहस दिखाते हुए मौका देखकर वहां से भागने की कोशिश की और पास खड़े लोगों की ओर दौड़ते हुए शोर मचाने लगे। आसपास मौजूद लोगों को इकट्ठा होता देख बदमाश घबरा गए और उन्हें वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत डायल-112 पर कॉल करके पुलिस को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324 (4), 115 (2), 351 (2) और 309 (4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। ग्रेटर नोएडा के एसीपी अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

इस घटना के सामने आने के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। लोग पुलिस से मांग कर रहे हैं कि सड़कों पर गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Related Articles

Back to top button