राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Fake Recruitment Scam: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, 4 महिलाएं समेत 6 गिरफ्तार

Noida Fake Recruitment Scam: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, 4 महिलाएं समेत 6 गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी रिक्रूटमेंट सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एंथूरियम बिजनेस पार्क में छापेमारी कर इस गिरोह से जुड़े दो पुरुष और चार महिलाओं समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरीम खान, शोएब खान, रितिका, मन्तसा अब्बासी, फातिमा और खुशी उर्फ खुशबू के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी सोशल मीडिया के जरिए बेरोजगार युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे।

मामले की जानकारी देते हुए मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 113 थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान सरीम खान और शोएब खान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी M/S RECRUITE SERVICE नाम से एक फर्जी कंपनी चला रहे थे, जिसके जरिए लोगों को ठगा जाता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह Facebook और Instagram पर “WE ARE HIRING” के नाम से पेड विज्ञापन चलाता था। इन विज्ञापनों के जरिए बेरोजगार युवाओं का डेटा इकट्ठा किया जाता था और उन्हें विदेश, खासकर क्रूज शिप पर नौकरी दिलाने का लालच दिया जाता था।

गैंग के सदस्य पीड़ितों को फोन कर उनसे 30 से 40 हजार रुपये तक की रकम वसूल लेते थे। विश्वास दिलाने के लिए ईमेल के जरिए फर्जी जॉइनिंग लेटर भी भेजे जाते थे। जब लोगों को शक होने लगता था तो आरोपी अपना ऑफिस बदलकर फरार हो जाते थे और ठगी की रकम आपस में बांट लेते थे।

इस काम को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क में किराए पर ऑफिस ले रखा था। पुलिस की छापेमारी के दौरान वहां से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

बरामद सामान में 07 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 05 मॉनिटर, 05 सीपीयू (चार बड़े और एक छोटा), 05 कीबोर्ड, 04 माउस, 01 राउटर, 02 बैंक पासबुक, 01 एटीएम कार्ड, 20 डायरियां (नोटपैड), 02 मोहरें और 44 फोटोस्टेट दस्तावेज शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग भी हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button