Noida Crime: बंद घरों और पीजी में चोरी करने वाले सागर पंजाबी गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी और दो नाबालिग गिरफ्तार

Noida Crime: बंद घरों और पीजी में चोरी करने वाले सागर पंजाबी गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी और दो नाबालिग गिरफ्तार

नोएडा। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने बंद मकानों, पीजी और दोपहिया वाहनों को निशाना बनाने वाले कुख्यात सागर उर्फ पंजाबी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह लंबे समय से नोएडा के विभिन्न इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन बाइक, तीन मोबाइल फोन, तीन चाकू और एक तमंचा बरामद किया है। गिरोह का सरगना सागर उर्फ पंजाबी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानिश, संदीप उर्फ अप्पू, विकास, साहिल उर्फ शुभम, शरद सिंह देव और सूरज कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। इनके साथ दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है, जिनकी पहचान गोपनीय रखी गई है। अधिकांश आरोपी बिहार से आकर नोएडा में किराये पर रह रहे थे और यहीं से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले सुनसान इलाकों और सेक्टरों में खड़ी दोपहिया गाड़ियों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर फरार हो जाते थे। इसके अलावा वे रात में खुले गेट वाले पीजी और दिन में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार यदि चोरी के दौरान कोई विरोध करता था तो आरोपी चाकू दिखाकर धमकाते थे। गिरोह का संचालन विकास करता था और वारदात के बाद सभी सदस्य अलग-अलग रास्तों से फरार हो जाते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरोह के कई सदस्यों पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वे जेल भी जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि अधिकांश आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। फरार सरगना सागर उर्फ पंजाबी की तलाश लगातार जारी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img