Infrastructure: चिल्ला एलिवेटेड का होगा विस्तार, डीएनडी-जेवर एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा नया लिंक

Infrastructure: चिल्ला एलिवेटेड का होगा विस्तार, डीएनडी-जेवर एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा नया लिंक
नोएडा। नोएडा के ट्रैफिक को और सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। चिल्ला से महामाया फ्लाईओवर तक बनी 5.5 किलोमीटर लंबी चिल्ला एलिवेटेड रोड का करीब दो किलोमीटर विस्तार किया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस एक्सटेंशन को डीएनडी से जेवर तक प्रस्तावित 48 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।
परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और स्ट्रक्चरल डिजाइन की जिम्मेदारी आईआईटी रुड़की को सौंपी गई है। संस्थान ने हाल ही में पूरे रूट का दोबारा सर्वे कर अपना प्रस्तुतीकरण नोएडा प्राधिकरण के समक्ष रखा, जिसे मंजूरी मिल गई है।
इस परियोजना पर लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले मिट्टी की क्षमता जांचने के लिए सॉइल टेस्ट कराया गया है। इसी रिपोर्ट के आधार पर पिलरों की संख्या, उनकी क्षमता और अंतिम डिजाइन तय की जाएगी।
इस एक्सटेंशन के बनने से नोएडा से जेवर एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को तेज और सीधा मार्ग मिलेगा। साथ ही एयरपोर्ट से आने वाले वाहनों को भी नोएडा की ओर जाने में सुविधा होगी। यह नया लिंक ट्रैफिक के दबाव को कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।





