Noida Crime: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, पशु चिकित्सक पर गंभीर धाराएं लगने की संभावना

Noida Crime: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, पशु चिकित्सक पर गंभीर धाराएं लगने की संभावना
नोएडा के बिसरख क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला पशु प्रेमी ने एक पशु चिकित्सक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने, धोखा देने, मारपीट करने और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता बिसरख क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहती है और उसकी शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार करीब दो वर्ष पहले वह अपने पालतू कुत्ते के इलाज के लिए सेक्टर-122 स्थित एक पशु चिकित्सक के क्लीनिक पर गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी चिकित्सक से हुई। इलाज के दौरान बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोप है कि चिकित्सक ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर पीड़िता उसके साथ रिश्ते में आ गई।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी के झांसे में आकर वह करीब डेढ़ वर्ष पहले उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। इस दौरान आरोपी ने कई बार शादी का भरोसा दिलाया। कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। आरोपी का परिवार नोएडा के सेक्टर-119 स्थित एक सोसाइटी में रहता है।
जब पीड़िता ने इस सच्चाई के सामने आने के बाद उससे शादी की बात कही तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और शहर छोड़कर भाग जाने की धमकी देने लगा। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। पीड़िता ने उस समय सेक्टर-113 थाना पुलिस से शिकायत की थी, जहां मामला किसी तरह शांत करा दिया गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने जबरन उसे गोली खिलाकर गर्भपात कराया। उसके पास इससे जुड़े कुछ साक्ष्य भी मौजूद हैं। अब आरोपी और उसके परिजन गोरखपुर फरार बताए जा रहे हैं। महिला का कहना है कि आरोपी उसे लगातार अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
इस पूरे मामले पर एसीपी ट्विंकल जैन ने बताया कि बिसरख थाना पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





